14th January 2012

स्याही से नहीं लगेगा रामदेव पर दाग: अन्ना

posted in Uncategorized |

रालेगण सिद्धी, 14 जनवरी (वेबवार्ता)। गांधीवादी कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने स्वामी रामदेव के चेहरे पर स्याही फेंकने की कोशिश को लोकतंत्र को कलंकित करने का प्रयास बताते हुए कहा कि ऐसे हमले जनआंदोलनों को नहीं रोक सकते। दमा की परेशानी होने के बाद अपने गांव में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हजारे ने कहा, यह स्वामी रामदेव के चेहरे को काला करने का प्रयास नहीं था। यह लोकतंत्र को कलंकित करने की कोशिश थी। उन्होंने कहा कि किसी के बेदाग जीवन को वैसी स्याही से कलंकित नहीं किया जा सकता, जिसे दो मिनट में साफ किया जा सकता हो। लेकिन जिनका जीवन भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और लूट से कलंकित है, इन दागों को साफ नहीं किया जा सकता।

हजारे ने कहा कि रामदेव हमेशा समाज और देश की भलाई के लिए लड़ते रहेंगे और हमारे जैसे लाखों कार्यकर्ता उनका समर्थन करेंगे। स्वामी रामदेव ने अन्ना हजारे द्वारा मजबूत जनलोकपाल के लिए चलाए जा रहे आंदोलन को आरंभ में समर्थन दिया था लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए। हजारे ने कहा कि ऐसे हमलों से जनआंदोलन बंद नहीं होंगे बल्कि और गहन होंगे। स्वामी रामदेव नयी दिल्ली स्थित कांस्टीटयूशन क्लब में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे तभी एक व्यक्ति ने उनपर स्याही फेंकने की कोशिश की। व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उस पर उन्माद फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

This entry was posted on Saturday, January 14th, 2012 at 3:56 pm and is filed under Uncategorized. You can follow any responses to this entry through the RSS 2.0 feed. You can leave a response, or trackback from your own site.

Leave a Reply